top of page

कार्यालयी अनुवाद की समस्याएँ और समाधान

Sep 28
4 min read
कार्यालयी अनुवाद की समस्याएँ और समाधान
कार्यालयी अनुवाद की समस्याएँ और समाधान


प्रस्तावना

राजभाषा नीति के कार्यान्वयन में अनुवाद केंद्रीय भूमिका निभाता है। केंद्र सरकार के कार्यालयों, बैंकों, उपक्रमों तथा राज्य सरकारों में हिंदी और अंग्रेजी के बीच द्विभाषी कामकाज की अनिवार्यता के चलते कार्यालयी अनुवाद एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बन गई है। किंतु व्यावहारिक स्तर पर यह कार्य अनेक कठिनाइयों से घिरा रहता है, जिनके कारण अनुवाद की गुणवत्ता और स्वाभाविकता प्रभावित होती है।

प्रमुख समस्याएँ

1. पारिभाषिक शब्दावली का अभाव अथवा असंगति

प्रशासनिक, वित्तीय, विधिक और तकनीकी क्षेत्रों में समुचित हिंदी पारिभाषिक शब्दों की कमी अथवा एक ही अवधारणा के लिए भिन्न-भिन्न कार्यालयों में प्रयुक्त असंगत शब्द अनुवादक के लिए बड़ी चुनौती हैं।

• "Under secretary" के लिए कुछ कार्यालयों में "अवर सचिव" तो कुछ में "अनुसचिव" प्रयोग होता है, जबकि दोनों पद अलग-अलग स्तर के हैं — भ्रम की स्थिति बनती है।

• "Memorandum" के लिए "ज्ञापन", "स्मृतिपत्र" और "अनुस्मारक" — तीनों शब्द अलग-अलग जगह प्रयुक्त होते देखे जाते हैं।

• "Circular" के लिए "परिपत्र" मानक शब्द है, परंतु कहीं-कहीं "सर्कुलर" का सीधा लिप्यंतरण ही चल जाता है।

 

2. शब्दानुवाद की प्रवृत्ति

अनेक अनुवादक मूल अंग्रेजी वाक्य-रचना से चिपके रहकर शब्द-दर-शब्द अनुवाद करते हैं, जिससे हिंदी वाक्य क्लिष्ट, अस्वाभाविक और कभी-कभी अर्थहीन हो जाता है — इसे प्रायः "अनुदित हिंदी" या "अनुवाद की गंध" कहा जाता है।

अंग्रेज़ी वाक्य

दोषपूर्ण शब्दानुवाद

उपयुक्त भावानुवाद

"Please do the needful."

कृपया आवश्यक करें।

कृपया उचित कार्रवाई करें।

"The matter is under active consideration."

मामला सक्रिय विचाराधीन है।

इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

"I am directed to say that..."

मुझे कहने के लिए निर्देशित किया गया है कि...

मुझे यह कहने का निर्देश दिया गया है कि...

"This is to inform you that..."

यह आपको सूचित करने के लिए है कि...

आपको सूचित किया जाता है कि...

 

3. विषय-वस्तु का अपर्याप्त ज्ञान

वित्त, विधि, विज्ञान अथवा तकनीकी विषयों के दस्तावेज़ों के अनुवाद में विषय की गहरी समझ आवश्यक होती है; इसके अभाव में अर्थ का अनर्थ होने की संभावना रहती है। उदाहरणस्वरूप, वित्तीय शब्दावली में "The account has been debited" का सही अनुवाद "खाते से राशि नामे डाली गई है" होता है, किंतु विषय-ज्ञान के अभाव में इसे "खाते को उधार दिया गया है" जैसा भ्रामक अनुवाद कर दिया जाता है। इसी प्रकार वैज्ञानिक संदर्भ में "The reaction is highly exothermic" का उपयुक्त अनुवाद "यह अभिक्रिया अत्यधिक ऊष्माक्षेपी है" है, जबकि विषय की समझ न होने पर इसका शब्दशः और अस्पष्ट अनुवाद हो जाने की संभावना रहती है।

4. समय-सीमा का दबाव

अधिकांश कार्यालयी अनुवाद अंतिम क्षण में, अत्यंत सीमित समय में करने पड़ते हैं, जिससे गुणवत्ता से समझौता करना पड़ता है। उदाहरण के लिए, एक कार्यालय में शाम 5 बजे प्रेस विज्ञप्ति अंग्रेजी में तैयार होती है और उसे रात 8 बजे तक हिंदी में जारी करना होता है। ऐसी स्थिति में अनुवादक के पास शब्दावली जाँचने या समीक्षा कराने का समय नहीं बचता, जिसका सीधा असर भाषा की गुणवत्ता पर पड़ता है।

5. मानकीकृत उपकरणों तथा संदर्भ सामग्री की कमी

शब्दकोश, पारिभाषिक शब्दावली-कोश, शैली-निर्देशिका (स्टाइल गाइड) और अनुवाद स्मृति (Translation Memory) सॉफ्टवेयर जैसे संसाधनों की अनुपलब्धता या असमान उपयोग। "असमान उपयोग" से तात्पर्य है कि ये संसाधन सभी कार्यालयों अथवा अनुवादकों द्वारा एक जैसे, समान रूप से प्रयुक्त नहीं होते — कोई कार्यालय इनका नियमित उपयोग करता है तो कोई बिल्कुल नहीं, और एक ही मंत्रालय की विभिन्न शाखाओं में भी भिन्न-भिन्न शब्दावली-कोश या शैली-निर्देशिका अपनाई जाती है, जिससे भाषा में एकरूपता नहीं बन पाती।

6. गुणवत्ता -नियंत्रण तंत्र का अभाव

अनेक कार्यालयों में अनुवाद के बाद स्वतंत्र समीक्षा (proofreading/editing) की कोई व्यवस्था नहीं होती, जिससे त्रुटियाँ अंतिम दस्तावेज़ तक पहुँच जाती हैं। मशीनी अनुवाद के अनुचित उपयोग से यह समस्या और बढ़ जाती है — उदाहरणस्वरूप "The Ministry has taken cognizance of the complaint" का बिना संपादन मशीनी अनुवाद "मंत्रालय ने शिकायत का संज्ञान लिया है की।" जैसी व्याकरणिक त्रुटि दे सकता है, जिसे मानव-संपादन द्वारा "मंत्रालय ने शिकायत का संज्ञान लिया है।" के रूप में सुधारा जाना चाहिए।

7. प्रशिक्षित जनशक्ति की कमी

योग्य और अनुभवी अनुवादकों की संख्या आवश्यकता की तुलना में सीमित है, तथा नियमित प्रशिक्षण के अवसर भी कम उपलब्ध हैं।

8. सांस्कृतिक और शैलीगत अंतर

अंग्रेजी की प्रत्यक्ष तथा संक्षिप्त शैली की तुलना में हिंदी की प्रशासनिक शैली में शिष्टता, अप्रत्यक्षता और विनम्रता की अपेक्षा रहती है। उदाहरण के लिए अंग्रेजी में सीधे तौर पर कहा जाने वाला वाक्य "Your application is rejected" हिंदी प्रशासनिक शैली में अधिक शिष्टतापूर्वक "आपका आवेदन स्वीकार करना संभव नहीं हो सका है" के रूप में व्यक्त किया जाता है।

संभावित समाधान

1. मानकीकृत शब्दावली का विकास एवं प्रसार

वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग द्वारा तैयार पारिभाषिक शब्दावली का व्यापक प्रचार-प्रसार और सभी कार्यालयों में उसके अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करना।

2. भावानुवाद की प्रवृत्ति को प्रोत्साहन

शब्दानुवाद के स्थान पर भावानुवाद (सार-रूप में मूल भाव को स्वाभाविक हिंदी में व्यक्त करना) को अपनाया जाए, ताकि अनुवाद पठनीय और सुबोध बने।

3. विषय-विशेषज्ञता आधारित प्रशिक्षण

अनुवादकों को नियमित रूप से विभिन्न विषयों (विधि, वित्त, विज्ञान आदि) में विशेष कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से दक्ष बनाया जाए।

4. समुचित समय-प्रबंधन

दस्तावेज़ तैयार होते ही अनुवाद हेतु समय रहते भेजने की कार्य-संस्कृति विकसित करना, ताकि अंतिम क्षण की हड़बड़ी से बचा जा सके।

5. आधुनिक तकनीक का उपयोग

कंप्यूटर-सहायता प्राप्त अनुवाद (CAT) उपकरण, अनुवाद स्मृति सॉफ्टवेयर तथा मशीनी अनुवाद (जैसे मंत्र, अनुवादिनी) का उपयोग करते हुए इन्हें मानव संपादन (post-editing) के साथ जोड़ना, जिससे गति और सामंजस्य दोनों बढ़ें।

6. द्वि-स्तरीय समीक्षा प्रणाली

प्रत्येक अनुवाद की स्वतंत्र समीक्षा और संपादन की अनिवार्य व्यवस्था लागू करना, जिससे भाषिक तथा तथ्यात्मक त्रुटियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

7. जनशक्ति में वृद्धि तथा सतत प्रशिक्षण

राजभाषा विभाग और केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के माध्यम से नियमित भर्ती तथा हिंदी शिक्षण योजना के अंतर्गत सतत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना।

8. शैली-निर्देशिका का निर्माण

प्रत्येक कार्यालय अथवा मंत्रालय के लिए एक समान शैली-निर्देशिका तैयार करना, जिसमें अभिवादन, संबोधन, वाक्य-रचना आदि से संबंधित मानक निर्धारित हों।

निष्कर्ष

कार्यालयी अनुवाद केवल भाषा-परिवर्तन की यांत्रिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासनिक संप्रेषण की गुणवत्ता और राजभाषा नीति की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। उपयुक्त प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग, मानकीकृत शब्दावली और सुदृढ़ गुणता-नियंत्रण तंत्र के सही इन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।

 
 
 

Recent Posts

See All
अंग्रेज़ी-हिंदी वाक्यों सहित कार्यालयी अंग्रेज़ी के महत्वपूर्ण वाक्यांश एवं उनके हिंदी अर्थ : भाग 3

569. it is highly objectionable (यह बहुत ही आपत्तिजनक है) · English: Such negligence in work is highly objectionable. · अनुवाद : कार्य में ऐसी लापरवाही बहुत ही आपत्तिजनक है। 570. it will be construed

 
 
 
अंग्रेज़ी-हिंदी वाक्यों सहित कार्यालयी अंग्रेज़ी के महत्वपूर्ण वाक्यांश एवं उनके हिंदी अर्थ : भाग - 1

1. above given (उपरिलिखित, ऊपर दिया हुआ) · English: Please act on the above given instructions. · अनुवाद : कृपया ऊपर दिए हुए निर्देशों पर कार्रवाई करें। 2. above mentioned / above noted (उपर्युक्त) ·

 
 
 
अंग्रेज़ी-हिंदी वाक्यों सहित कार्यालयी अंग्रेज़ी के महत्वपूर्ण वाक्यांश एवं उनके हिंदी अर्थ : भाग 2

309. eligible candidate (पात्र उम्मीदवार) · English: Only eligible candidates should submit applications for the selection process. · अनुवाद : चयन प्रक्रिया के लिए केवल पात्र उम्मीदवार ही आवेदन प्रस्त

 
 
 

6 Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
रीता भट्टाचार्य
Sep 29
Rated 5 out of 5 stars.

अति उत्कृष्ट

Like
Replying to

हार्दिक धन्यवाद ! आपकी सराहना मेरे लिए प्रेरणादायी है 🙏

Like

Rated 5 out of 5 stars.

ज्ञानवर्धक एवं बार बार पढ़ने योग्य ल

Like
Replying to

लेख को इतना अधिक सराहनीय और उपयोगी मानने के लिए हार्दिक आभार | आपका प्रोत्साहन आगे भी ऐसे ज्ञानवर्धक लेख लिखने की प्रेरणा देता है | 🙏

Like

Guest
Sep 28
Rated 5 out of 5 stars.

बहुत ही अच्छा

Like
Replying to

बहुत-बहुत धन्यवाद ! 🙏 आपकी सराहना और प्रोत्साहन के लिए हार्दिक आभार |

Like
bottom of page